केंद्र सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने ऐसा एप विकसित किया है, जो बिजली गिरने की चेतावनी 30 से 40 मिनट पहले दे देगा। इसका नाम ‘दामिनी’ रखा गया है। यह एप बिजली गिरने की समयपूर्व चेतावनी देने के साथ इसके बचाव की भी जानकारी देता है। इसे गूगल प्ले स्टोर से मुफ्त में डाउनलोड किया जा सकता है।
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मेट्रोलॉजी (आईआईटीएम) द्वारा विकसित इस एप पर 6 महीने से काम चल रहा था। इसे बनाने वाली टीम के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. सुनील पवार ने बताया कि यह एप बिजली गिरने की चेतावनी के अलावा इससे सुरक्षा कैसे करनी चाहिए, प्राथमिक मेडिकल उपचार कैसे करें यह जानकारी भी देता है। खेत में काम करते वक्त, यात्रा के दौरान, घर के आसपास काम करते वक्त, बिजली गिरने की चेतावनी मिले तो कैसे बचाव करें, यह चित्र के साथ बताया गया है।
अलर्ट अंग्रेजी और हिंदी भाषा में दिखेगा : एप खोलने के बाद आप जिस लोकेशन पर हैं, वहां का मैप दिखाने वाला सर्किल आएगा। यह सर्किल 20 किमी की डायमीटर में अगले 40 मिनट में होने वाली बिजली चेतावनी के बारे में अलर्ट करेगा। बिजली गिरने वाली है या नहीं इसका संदेश सर्किल के नीचे अंग्रेजी और हिंदी भाषा मे दिखेगा। अभी अलर्ट अंग्रेजी और हिंदी भाषा मे दिखता है, आगे इसे रीजनल भाषा में भी लाने की उम्मीद है।
वैज्ञानिकों का कहना है कि अन्य देशों की तुलना में भारत में बहुत सारे लोग खेती किसानी के कामों के लिए अपने अपने घरों से बाहर निकलते हैं। बिजली गिरने पर उनके चपेट में आने की आशंका ज्यादा बनी रहती है। यह एप खेती किसानी कामगारों के अलावा सभी लोगों के लिए उपयोग में आ सकता है। अरब महासागर में भारत का आधा हिस्सा प्रायद्वीप की तरह है, इसलिए ये मानसूनी हवाएं भारत के बहुत बड़े हिस्से को प्रभावित करती हैं। इस एप से हम अपना बेहतर बचाव कर सकते हैं।
विकसित देशों में बचाव का सिस्टम हमसे बेहतर
डॉ. सुनील पवार का कहना है कि दुनिया के दूसरे हिस्सों में भी बिजली गिरती है, लेकिन मौत भारत में ही सबसे ज्यादा होती हैं। 2017 में ही बिजली गिरने से देशभर में 3 हजार से भी ज्यादा लोग मारे गए थे। इसकी वजह सिर्फ यह थी कि अन्य विकसित देशों में चेतावनी देने की बेहतर व्यवस्था है। अब इस एप के विकसित होने के बाद हम भी बेहतर बचाव कर सकते हैं। भारत में खूब बरसात होती है। उत्तर पूर्वी राज्यों में मानसूनी हवाएं तेज रफ्तार में पहुंचती हैं, ऐसी जगहों पर बिजली गिरने की आशंका बनी रहती है।
No comments:
Post a Comment